Buddhadarshan News, New Delhi
शिल्प और कला का अंतरराष्ट्रीय संगम कहा जाने वाला सूरजकुंड अंतराष्ट्रीय मेला शुक्रवार से शुरू हो गया। मेले का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से किया। पहली बार दो मुख्यमंत्रियों ने संयुक्त रूप से सूरजकुंड मेले का उद्घाटन किया।
32वें अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में इस बार उत्तर प्रदेश थीम राज्य होगा और किर्गिस्तान सहयोगी देश के तौर पर हिस्सा ले रहा है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इस मेले का आयोजन साल में दो बार होना चाहिए।
यूपी की विभिन्न कलाओं का होगा प्रदर्शन:
अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले में एक तरफ जहां विभिन्न देशों के कलाकार नृत्य व गायन से रंग जमाएंगे, वहीं थीम स्टेट उत्तर प्रदेश की विविध कलाओं का प्रदर्शन होगा।
1100 शिल्पकार ले रहे हैं हिस्सा:
महाकुंभ में इस वर्ष 1100 से ज्यादा शिल्पकारों को आमंत्रित किया गया है। पिछले वर्ष यह संख्या 1008 थी। मेले में इस साल 28 देश भाग ले रहे हैं। पिछले साल 23 देशों ने हिस्सा लिया था। इसके अलावा 14 देशों के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
325 विदेशी भागीदार-
मेले में 325 विदेशी भागीदारों में से 82 हस्तशिल्पी शामिल हैं। यह मेला 18 फरवरी तक चलेगा।
इन देशों के कलाकार ले रहे हैं हिस्सा:
देशी कलाकारों के साथ मेला में टर्की, मोरक्को, थाईलैंड, सीरिया, श्रीलंका, तंजानिया, नीगर, नेपाल, इजिप्ट, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड, मालदीव, मॉरीसस, यूगांडा, युक्रेन, बांग्लादेश, भूटान, तुर्कमेनिस्तान, उजबेकिस्तान, कजाकिस्तान, तजाकिस्तान, लेबनान, कीनिया, तनीषिया, मेडागासकर, रसिया के अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार प्रतिदिन अपनी कला प्रस्तुत करेंगे।
स्टूडेंट्स को फ्री एंट्री:
सीएम मनोहर लाल खट्टर के आदेश पर स्टूडेंट्स को मेले में फ्री एंट्री है। हालांकि स्टूडेंट्स को ग्रुप में आना होगा। इसके अलावा वार विडो, शहीद सैनिकों के परिजनों को फ्री प्रवेश दिया जाएगा, जबकि दिव्यांग और विशेष वर्ग के व्यक्तियों को टिकट पर 50 फीसदी की छूट दी जाएगी।
ऐसे जाएं सूरजकुंड मेला:
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से सूरजकुंड के बीच की दूरी लगभग 21 KM है। मंडी हाउस अथवा केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से फरीदाबाद जाने वाली मेट्रो ट्रेन के जरिए सराय मेट्रो स्टेशन उतर जाए। वहां से ऑटो के जरिए आप सूरजकुंड मेला जा सकते हैं।
सराय से सूरजकुंड की दूरी- लगभग 2 km